उत्तराखंड में हरिद्वार को छोड़कर शेष सभी जिलों में जिला योजना समिति के सदस्यों के चुनाव 16 अक्तूबर को कराए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 अक्तूबर को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी, जबकि 14 अक्तूबर को नाम वापस लेने की अंतिम तिथि तय की गई है।
अधिसूचना के अनुसार, 16 अक्तूबर को मतदान संपन्न होने के बाद उसी दिन दोपहर तीन बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। जिला योजना समिति के चुनाव लंबे समय से लंबित होने के कारण प्रदेश जिला पंचायत सदस्य संगठन लगातार चुनाव कराने की मांग उठा रहा था। संगठन का कहना था कि चुनाव में देरी के चलते पंचायतों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर असर पड़ रहा है। अब निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होने से चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।

चुनाव की अधिसूचना जारी होने पर जिला पंचायत सदस्य संगठन ने आंदोलन टाला
जिला योजना समिति के चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने के बाद जिला पंचायत सदस्य संगठन ने अपना आज का प्रस्तावित प्रदेशव्यापी आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भास्कर सम्मल ने बताया कि जिला योजना समिति के चुनाव संपन्न होने के बाद आंदोलन की अगली तारीख तय कर इसकी घोषणा की जाएगी।



