देहरादून में हत्याओं से दहशत: एक दिन में चौथे मर्डर से मचा हड़कंप
देहरादून में लगातार हो रही हत्या की वारदातों ने पुलिस महकमे की चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच बसंत विहार थाना क्षेत्र में एक और व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचने के लिए रवाना हो गई।

देहरादून में 24 घंटे के दौरान हत्या की चौथी वारदात से हड़कंप मच गया है। बसंत विहार थाना क्षेत्र के चोरखला में मस्जिद के समीप 55 वर्षीय सलीम का शव बरामद हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक की दाईं आंख के पास चोट के निशान पाए गए हैं।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। इसके अलावा पुलिस मृतक के बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही हत्या के कारणों का पता लगाने में लगी है।


