देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने आठ एयरबस विमानों की खरीद के लिए सिटी के साथ 32.8 करोड़ डॉलर के वित्तपोषण सौदे पर सहमति जताई है। यह दुनिया का पहला ऐसा विमानन सौदा है, जिसे बेल्जियम की ECA से बीमा सुरक्षा मिली है और जिसका संचालन GIFT IFSC के जरिए किया जा रहा है।

देश की अग्रणी विमानन कंपनी इंडिगो ने आठ नैरो-बॉडी एयरबस विमानों की खरीद के लिए सिटी के साथ 328 मिलियन डॉलर के वित्तपोषण सौदे पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते की खास बात यह है कि यह दुनिया का पहला विमानन वित्तपोषण सौदा है, जिसे बेल्जियम की निर्यात ऋण एजेंसी (ECA) क्रेडिटो का बीमा संरक्षण मिला है। साथ ही, GIFT IFSC के जरिए संरचित होने वाला यह अपनी तरह का पहला ECA-समर्थित विमान वित्तपोषण लेनदेन है।
इस समझौते के तहत इंडिगो छह A321 और दो A320 विमानों की खरीद के लिए धन जुटाएगी। इस सौदे में वैश्विक बैंकिंग संस्थान सिटी ने एकमात्र प्रमुख व्यवस्थापक, ECA समन्वयक और ऋणदाता की भूमिका निभाई है। वित्तपोषण को क्रेडिटो की क्रेडिट बीमा सुविधा का समर्थन प्राप्त है।
यह पूरा लेनदेन इंडिगो की सहायक कंपनी इंटरग्लोब एविएशन फाइनेंशियल सर्विसेज IFSC के माध्यम से पूरा किया गया। इस व्यवस्था से एयरलाइन को अपने विमानों के बेड़े का विस्तार करने और नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए दीर्घकालिक वित्तीय संसाधनों का एक नया और प्रतिस्पर्धी विकल्प मिलेगा।


