मंत्री रेखा आर्या के पति पर पुलिस का शिकंजा, गिरफ्तारी के बाद जेल में मनेगी दिवाली

मंत्री रेखा आर्या के पति पर पुलिस का शिकंजा, गिरफ्तारी के बाद जेल में मनेगी दिवाली

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति को पकड़ने के लिए पुलिस पिछले करीब 25 दिनों से लगातार तलाश और छापेमारी कर रही थी। लंबे प्रयासों के बाद आखिरकार पुलिस ने साहू को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले की जांच एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) कर रही है।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने झांसी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद अब साहू की दिवाली जेल में ही बीतेगी। देहरादून पुलिस आज दोपहर इस मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी, जिसमें प्रकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा किए जाने की संभावना है। साहू के खिलाफ उत्तर प्रदेश के बरेली और उत्तराखंड में लगभग 50 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। इससे पहले भी वह कई बार जेल जा चुका है।

गौरतलब है कि मंत्री रेखा आर्या ने बीते 15 अक्तूबर को अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि साहू पहले से विवाहित था, लेकिन उसने शादी के समय अपनी पहली शादी की बात छिपाई। इसके अलावा, रेखा आर्या ने उन पर लगातार मानसिक और अन्य तरीकों से प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए हैं।

मामला यहीं तक सीमित नहीं रहा। आरोप है कि गिरधारी लाल साहू ने धोखाधड़ी करते हुए मंत्री रेखा आर्या को अपनी कंपनियों से भी बाहर कर दिया था। इसके लिए उनके फर्जी हस्ताक्षर किए जाने की बात सामने आई है। इस मामले की जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी। जांच के दौरान एसआईटी ने साहू के कई करीबी लोगों से पूछताछ भी की। वहीं, गिरधारी लाल का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उसके खिलाफ बरेली समेत उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में करीब 50 मुकदमे दर्ज हैं।

All Recent Posts dehradun